‘मोर बेटी मोर अभिमान’ में बालिका शिक्षा एवं सुरक्षा पर किया गया जागरूक
कोंडागांव , 25 अगस्त (हि.स.)।कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत बड़े कनेरा के पंचायत भवन में मंगलवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत ‘मोर बेटी मोर अभिमान’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन एवं अनुष्ठा वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को बालिका शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्हें शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभिभावकों से बेटियों को नियमित विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा जारी रखने की अपील की गई।
इस दौरान बाल विवाह की रोकथाम, पॉक्सो अधिनियम, महिलाओं के कानूनी अधिकार, सखी वन स्टॉप सेंटर और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बालिका शिक्षा, बाल अधिकार, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता कोर्राम, सरपंच प्रकाश चुगरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश, प्राचार्य जयंत कुमार मजुमदार, परियोजना अधिकारी संजय पोटावी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे, ग्रामीणजन और स्व-सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

