माय भारत कार्यक्रम: आज का युवा राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत स्तंभ : डाॅ प्रशांत

WhatsApp Channel Join Now
माय भारत कार्यक्रम: आज का युवा राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत स्तंभ : डाॅ प्रशांत


कोरबा, 28 नवंबर (हि. स.)। कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में शनिवार 28 नवंबर को माय भारत युवा कार्यक्रम के अंतर्गत विकसित भारत युवा संवाद, निबंध लेखन, वाद-विवाद, क्विज प्रतियोगिता, संगोष्ठी एवं परिचर्चा, पोस्टर निर्माण, चित्रकला प्रतियोगिता आदि रचनात्मक एवं जागरूकता संबधी गतिविधियों को आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। प्रतिभागियों ने खूबसूरत चित्रों और प्रभावी शब्दों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।

छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि आज का युवा केवल भविष्य का नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान में राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत स्तंभ है। माय भारत जैसे मंच विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, तर्कशक्ति और नेतृत्व क्षमता को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। निबंध, चित्रकला और संवाद के माध्यम से आप सभी ने विकसित भारत की जो परिकल्पना प्रस्तुत की है, वह अत्यंत सराहनीय है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं अपनी ऊर्जा और नवाचार से देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

इस दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विकसित भारत युवा संवाद, वाद-विवाद, क्विज, संगोष्ठी, परिचर्चा, निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपने कला कौशल और विचारों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के मध्य प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर और प्राध्यापकों ने प्रतियोगिताओं का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान प्रमुख रूप से भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा, शिक्षा संकाय की सहायक प्राध्यापक एवं स्वीप समन्वयक डाॅ रश्मि शुक्ला, डॉ भारती कुलदीप, डाॅ सुनीरा वर्मा, डाॅ अंजू खेस्स, डाॅ प्रीति द्विवेदी, गोविंदमाधव उपाध्याय, राकेश गौतम, डाॅ ललिता साहू, डाॅ सुशीला कुजूर, श्रीमती अनिता यादव, डाॅ विमला सिंह, नितेश यादव, शंकरलाल यादव, कुणाल दासगुप्ता, प्रीति महंत समेत अन्य उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने स्पर्धा में भाग लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story