शराब के खिलाफ आवाज उठाने वाली मुस्कान बनीं परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर

WhatsApp Channel Join Now
शराब के खिलाफ आवाज उठाने वाली मुस्कान बनीं परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर


जांजगीर-चांपा, 30 जून (हि. स.)। शराब के विरोध में अपनी ही बारात वापस लौटा कर पूरे छत्तीसगढ़ में साहस और सामाजिक जागरूकता की मिसाल बनने वाली ग्राम कोसमंदा निवासी मुस्कान को जांजगीर-चांपा पुलिस ने आज एक और नई जिम्मेदारी सौंपी है। पुलिस ने उन्हें परिवार परामर्श केंद्र, जांजगीर में काउंसलर के रूप में नियुक्त कर सम्मानित किया है।

जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार उप पुलिस अधीक्षक सतरूपा तारम और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता खापर्डे की उपस्थिति में मुस्कान सहित अन्य काउंसलर्स को विधिवत कार्यभार सौंपा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि मुस्कान ने सामाजिक बुराई के खिलाफ जिस साहस का परिचय दिया, वह युवाओं, महिलाओं और पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनका यह निर्णय न केवल नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश था, बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हुआ।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के रूप में मुस्कान अब पारिवारिक विवादों के समाधान, महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी। उनकी सामाजिक सोच और अनुभव का लाभ अब जरूरतमंद परिवारों और महिलाओं को मिलेगा।

कार्यक्रम में विधिक सलाहकार लक्ष्मी जायसवाल, काउंसलर्स निशा खान, सरस्वती सोनी, तान्या अनुरागी पांडे, संगीता पांडे, संतोषी सिंह, संतोषी साहू, मंजूलता राठौर, चंदेल और उमा सोनी सहित एएसआई ज्ञान प्रकाश खाखा, एएसआई प्रतिभा राठौर, प्रधान आरक्षक निशा पांडेय तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुस्कान की नियुक्ति को जांजगीर-चांपा पुलिस की एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। यह कदम समाज में नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण और पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story