दुर्ग में मासूम की हत्या व अनाचार, कांग्रेसियों ने सीएम का फूंका पुतला

धमतरी, 8 अप्रैल (हि.स.)। दुर्ग जिला में पिछले दिनों हुई एक मासूम की हत्या व अनाचार मामले को लेकर जिले के कांग्रेसियों में काफ्री आक्रोश है। इस घटना को लेकर आठ अप्रैल को कांग्रेसियों ने हल्ला बोला और प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। साथ ही प्रदेश के गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग की है, क्योंकि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ गई है।
पंकज महावर संयुक्त महामंत्री प्रदेश कांग्रेस कमेटी, आकाश गोलछा प्रदर्शन के दौरान कहा कि, दुर्ग के मोहन नगर थाना अंतर्गत ओम नगर निवासी छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई अनाचार व हत्या निंदनीय है। प्रदेश में महिलाओं के साथ लगातार अपराधिक घटनाएं हो रही है, जो प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था की पोल खोल रही है। इस तरह के संवेदनशील घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेसियों ने पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने व राज्य की लचर कानून-व्यवस्था सहित गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग की। वहीं आक्रोशित कांग्रेसियों ने कांग्रेस भवन से भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निकले। गांधी मैदान पहुंचकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन कांग्रेसियों ने सीएम का पुतला फूंक दिया। पुलिस के साथ कांग्रेसियों का झूमाझटकी भी हुआ। कांग्रेसियों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि, मासूम के साथ हुई घटना निंदनीय है। महिला सुरक्षा और सम्मान के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार मासूम बेटियों की सुरक्षा भी नही कर पा रही है। ऐसे में प्रदेश के गृहमंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। भाजपा सरकार राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की लूट और भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्हें राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था की कोई चिंता नहीं है। प्रदर्शन करने वालों में सोमेश मेश्राम, आशुतोष खरे, अम्बर चंद्राकर महामंत्री, खिलेन्द्र साहू उपसरपंच, उदित साहू, कुलेश्वर देवांगन, सबीना अंजुम, सूरज पासवान, यश नारायण दुबे, वीरेंद्र पांडे महासचिव सेवादल, मोहन देवांगन शहर अध्यक्ष सेवादल, अजय सिन्हा जिला अध्यक्ष सेवा दल युवक कांग्रेस, वातंजलि गोस्वामी, डोमेश्वर साहू, अविनाश मरोठे, अजय डहरिया, अनिल कुर्रे, नवीन गजेंन्द्र, गनेश्वरी कामड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा