अंबिकापुर : हत्या के फरार आरोपित पर पांच हजार का इनाम घोषित

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर : हत्या के फरार आरोपित पर पांच हजार का इनाम घोषित


सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

अंबिकापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले में हत्या के एक गंभीर मामले में फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। कोतवाली थाना अंबिकापुर, जिला-सरगुजा में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026, धारा 64(2) एवं 103 (1) बीएनएस के तहत आरोपित घटना दिनांक से लगातार फरार चल रहा है। पुलिस द्वारा उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने आरोपित की गिरफ्तारी या उसके संबंध में पुख्ता जानकारी देने वाले के लिए 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इनाम देने का अंतिम निर्णय डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा द्वारा लिया जाएगा।

फरार आरोपित का हुलिया भी पुलिस ने जारी किया है। आरोपी सांवले रंग का है, जिसकी ऊंचाई लगभग 5 फीट 4 इंच है। उसके बाल घुंघराले और लंबे हैं, शरीर एकहरा और पतला है। आरोपी के काले दाढ़ी-मूंछ हैं और घटना के समय वह हल्का गुलाबी शर्ट, नीला जींस पहने हुए था। उसके सिर पर नीले रंग का गमछा बंधा हुआ था और पीठ पर एक झोला लटका हुआ था।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी मिले, तो तुरंत निम्न संपर्क नंबरों पर सूचना दें:-

डीआईजी एवं एसएसपी, सरगुजा - 94791-93501

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा - 94791-93502

नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर - 94791-93503

पुलिस नियंत्रण कक्ष, जिला-सरगुजा - 94791-93599

थाना कोतवाली, अंबिकापुर - 9479193508

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story