नगरपालिका चुनाव : निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी, 20 नवंबर तक होंगे आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
नगरपालिका चुनाव : निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी, 20 नवंबर तक होंगे आवेदन


रायपुर 13 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरपालिका आम निर्वाचन एवं उप निर्वाचन दिसंबर 2026 के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने के संबंध में संशोधित पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र मतदाता अब 20 नवंबर 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत कुल 428 पदों के लिए निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण किया जा रहा है। इनमें भिलाई, भिलाई चरौदा, रिसाली एवं बीरगांव नगरपालिक निगमों के चार महापौर पद, 14 अध्यक्ष पद तथा 400 पार्षद पद शामिल हैं। वहीं उप निर्वाचन के अंतर्गत एक अध्यक्ष एवं नौ पार्षद पदों के लिए भी निर्वाचक नामावली तैयार की जा रही है।

उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली एक अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर तैयार की जा रही है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्ररूप क-1 में आवेदन प्रस्तुत करने की समय-सीमा बढ़ाई गई है। ऐसे मतदाता, जिनके नाम संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्र से जुड़े विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में 19 नवंबर 2026 तक दर्ज होंगे, वे 20 नवंबर तक प्ररूप क-1 में आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।

आयोग के अनुसार प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण करने के बाद 30 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण की प्रक्रिया को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचक नामावली प्रेक्षकों की नियुक्ति भी की गई है। आयोग का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करना तथा आगामी नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776693 Articles

Share this story