संपत्तिकर और दुकान किराया बकाया पर निगम की बड़ी कार्रवाई, कोरबा में चार दुकानें सील
कोरबा, 7 अगस्त (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा ने संपत्तिकर और दुकान किराया वसूली अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर की चार दुकानों को सील कर दिया। निगम का कहना है कि बार-बार नोटिस और भुगतान के लिए चेतावनी देने के बावजूद संबंधित दुकानदारों ने बकाया राशि जमा नहीं की, जिसके चलते यह कार्रवाई करनी पड़ी। निगम ने स्पष्ट किया है कि बकायादारों के खिलाफ सीलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नगर निगम के अनुसार, संपत्तिकर, भवन कर और दुकान किराया समय पर जमा नहीं होने से निगम को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसका असर शहर में विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं पर भी पड़ रहा है। इसी वजह से बकाया करों की वसूली के लिए निगम ने सख्त रुख अपनाया है।
शुक्रवार को की गई कार्रवाई के दौरान वार्ड क्रमांक 13 स्थित एक फर्नीचर दुकान, वार्ड क्रमांक 6 मेन रोड स्थित वर्षा ट्रेडिंग, पंडित रविशंकर शुक्ल नगर में निगम की दुकान क्रमांक 31 (साड़ी हब) तथा दुकान क्रमांक 34 (श्रद्धा रेफ्रिजरेशन) को सील कर दिया गया।
निगम के संपदा अधिकारी अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि बकाया कर और दुकान किराया वसूली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिन बकायादारों ने अब तक भुगतान नहीं किया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि समय रहते बकाया राशि जमा कर देने से व्यापारी सीलिंग जैसी कार्रवाई और अन्य असुविधाओं से बच सकते हैं।
नगर निगम ने शहर के सभी करदाताओं और दुकानदारों से अपील की है कि वे अपने संपत्तिकर, भवन कर एवं दुकान किराये की बकाया राशि जल्द से जल्द निगम कोष में जमा करें। निगम का कहना है कि करों से प्राप्त राशि से ही सड़क, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं का संचालन और विकास कार्य किए जाते हैं। समय पर कर भुगतान से शहर के विकास कार्यों को गति मिलती है और नागरिक सेवाएं बेहतर होती हैं।
निगम ने चेतावनी दी है कि बकाया राशि जमा नहीं करने वाले अन्य करदाताओं और दुकानदारों के खिलाफ भी आने वाले दिनों में सीलिंग सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी बकायादार समय रहते भुगतान कर अनावश्यक कार्रवाई से बचें।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

