रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, ले-आउट के बाहर बने 40 अवैध निर्माण पर चला बुलडाेजर

WhatsApp Channel Join Now
रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, ले-आउट के बाहर बने 40 अवैध निर्माण पर चला बुलडाेजर


रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, ले-आउट के बाहर बने 40 अवैध निर्माण पर चला बुलडाेजर


रायपुर रायपुर 16 सितंबर (हि.स.)। नगर पालिक निगम रायपुर ने जोन-6 क्षेत्र अंतर्गत रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में ले-आउट के बाहर किए गए लगभग 40 अवैध निर्माणों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश तथा जोन-6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ पुलिस बल की उपस्थिति में की गई।

नगर निगम के अनुसार संबंधित बिल्डरों ने ले-आउट के बाहर बिना अनुमति निर्माण कराया था। नियमानुसार नोटिस जारी करने के बाद अभियान चलाकर अवैध निर्माण बुलडाेजर से हटाए गए। कार्रवाई के बाद संबंधित बिल्डरों ने निगम को आश्वस्त किया कि भविष्य में उक्त क्षेत्र में कोई नया निर्माण नहीं किया जाएगा।

जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव ने बताया कि रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में मुनरपे, रहमत, ओग, धनु सोनकर, मनोज चकधारी, रवि त्रिपाठी, आशु त्रिपाठी, अनवर, चेतन देवांगन, सुभाष विश्वकर्मा, सुखराम चकधारी, अजय साहू, जय साहू, अजय माखिजा, बसंत सतवाने, तिस्थ साहू एवं गोपाल देवांगन सहित अन्य संबंधित बिल्डरों द्वारा ले-आउट के बाहर अवैध निर्माण कराए जाने की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र से पूर्व में जलभराव, सड़क, बिजली, पेयजल और नाली की समस्याओं को लेकर लगातार जनशिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाकर अवैध निर्माण हटाए गए हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story