जशपुर : किसान मुकेश ने 25 एकड़ में रचा बहुफसली खेती का सफल मॉडल

WhatsApp Channel Join Now
जशपुर : किसान मुकेश ने 25 एकड़ में रचा बहुफसली खेती का सफल मॉडल


जशपुर : किसान मुकेश ने 25 एकड़ में रचा बहुफसली खेती का सफल मॉडल


जशपुर : किसान मुकेश ने 25 एकड़ में रचा बहुफसली खेती का सफल मॉडल


जशपुर : किसान मुकेश ने 25 एकड़ में रचा बहुफसली खेती का सफल मॉडल


जशपुर, 21 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत भीतघरा के किसान मुकेश कुजूर ने यह साबित कर दिया है कि अगर खेती में नई सोच और आधुनिक तकनीक को अपनाया जाए, तो कम संसाधनों में भी अधिक लाभ कमाया जा सकता है। करीब 25 एकड़ कृषि भूमि में बहुफसली खेती कर उन्होंने एक ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है।

मुकेश कुजूर अपने खेतों में टमाटर, पत्ता गोभी, मक्का, खीरा और गेंदा फूल की खेती एक साथ कर रहे हैं। इस बहुफसली प्रणाली से उन्हें अलग-अलग समय पर फसल मिलती है, जिससे उनकी आमदनी लगातार बनी रहती है। उन्होंने अपने खेत को इस तरह विकसित किया है कि हर फसल एक-दूसरे के साथ संतुलन बनाते हुए अतिरिक्त लाभ देती है।

उन्होंने बताया कि टमाटर की खेती में वे ड्रिप इरिगेशन और मल्चिंग तकनीक का उपयोग करते हैं, जिससे पानी की बचत होती है और उत्पादन बेहतर मिलता है। ड्रिप के माध्यम से खाद सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचाई जाती है, जिससे लागत कम और गुणवत्ता अधिक रहती है। खेतों के बीच-बीच में मक्का और गेंदा फूल लगाने से उन्हें अतिरिक्त आमदनी का स्रोत भी मिलता है।

मुकेश कुजूर का कहना है कि वे कृषि वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में ही कीटनाशक दवाओं का उपयोग करते हैं और सही मात्रा व समय का विशेष ध्यान रखते हैं। इससे फसल सुरक्षित रहती है और उत्पादन में भी वृद्धि होती है। मौसम के अनुसार वे फसल चक्र अपनाते हैं, बरसात के मौसम में खीरा और गर्मी में मक्का की खेती कर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं।

उनकी यह पहल न केवल उन्हें एक उन्नत किसान बना रही है, बल्कि आसपास के किसानों को भी आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। जो किसान नई तकनीकों को सीखना चाहते हैं, वे 23 से 25 मार्च तक कुनकुरी (जशपुर) में आयोजित कृषि क्रांति एक्सपो में शामिल होकर इस तरह की नवाचार आधारित खेती के बारे में और जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story