किरण देव के साथ सांसद ने ग्राम पोड़ागुड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
किरण देव के साथ सांसद ने ग्राम पोड़ागुड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण


जगदलपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर विस्तार की कड़ी में ग्राम पोड़ागुड़ा में रविवार काे नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का लोकार्पण गरिमामय वातावरण में समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। इस केंद्र के विधिवत शुभारंभ से अब पोड़ागुड़ा सहित आसपास के सभी आश्रित ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सीधे अपने गांव के निकट ही मिल सकेगा, जिससे उन्हें उपचार के लिए दूरदराज के क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जगदलपुर विधायक किरण देव एवं सांसद महेश कश्यप ने फीता काटकर केंद्र का लोकार्पण किया और ग्रामीणों को इस नई स्वास्थ्य सौगात की बधाई दी। समारोह में सरपंच मनदेव बघेल, जनपद सदस्य अध्यक्ष, बीजेपी मंडल अध्यक्ष सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

आयोजन के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएँ डॉ. महेश सांडिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन महेन्द्र पांडे, प्रशांत श्रीवास्तव एवं नरेश मरकाम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जबकि विभागीय समन्वय एवं सहयोग में बीएमओ नानगूर और बीपीएम शकुंतला फिलिप्स सक्रिय रहीं। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने स्वास्थ्य अमले के कर्मचारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए इस महत्वपूर्ण विस्तार का करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए हर्ष व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story