जिला प्रशासन व आमधाने प्राइवेट लिमिटेड के बीच एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
जिला प्रशासन व आमधाने प्राइवेट लिमिटेड के बीच एमओयू


धमतरी, 20 मई (हि.स.)। जिले के युवाओं को रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला प्रशासन और आमधाने प्राइवेट लिमिटेड के मध्य आज बुधवार काे एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता जिले के युवाओं, तकनीकी रूप से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों तथा अर्धकुशल श्रमिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।

एमओयू के अनुसार जिले के बेरोजगार युवाओं, आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों, डिप्लोमा धारकों तथा ब्लू-कालर एवं ग्रे-कालर श्रमिकों को देश के विभिन्न राज्यों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके तहत लाजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग, मैन्युफैक्चरिंग, निर्माण एवं इंफ्रास्ट्रक्चर, रिटेल एवं ई-कामर्स, आटोमोबाइल तथा टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में रोजगार संभावनाओं का विस्तार किया जाएगा। रोजगार शिविरों, काउंसलिंग सत्रों एवं जाब ड्राइव के आयोजन के लिए आवश्यक स्थल एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही जिला रोजगार कार्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, डिप्लोमा कालेजों तथा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से पात्र युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए समन्वय स्थापित किया जाएगा। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पंचायत स्तर पर भी जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

वहीं, आमधाने प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पंजीयन शिविरों का आयोजन, अभ्यर्थियों का स्क्रीनिंग एवं कौशल आधारित चयन, सत्यापित नियोजकों से रोजगार उपलब्ध कराना तथा चयनित युवाओं को प्री-डिपार्चर ओरिएंटेशन एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। कंपनी द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी नियुक्तियां वैध, सुरक्षित एवं श्रम कानूनों के अनुरूप हों। साथ ही नियुक्त युवाओं के लिए पोस्ट-प्लेसमेंट सहायता एवं शिकायत निवारण तंत्र भी विकसित किया जाएगा। यह समझौता पूर्णतः गैर-व्यावसायिक आधार पर किया गया है। रोजगार प्रक्रिया के किसी भी चरण में अभ्यर्थियों से कोई शुल्क या कमीशन नहीं लिया जाएगा। साथ ही जिला प्रशासन और कंपनी के मध्य किसी प्रकार का वित्तीय लेन-देन भी नहीं होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story