पकरिया झूलन में नहर में बह गईं मां-बेटी, तीन युवकों ने जान पर खेलकर बचाई जिंदगी
Chhattisgarh, 14 सितंबर (हि.स.)।
पकरिया झूलन में नहर में बह गईं मां-बेटी, तीन युवकों ने जान पर खेलकर बचाई जिंदगी
जांजगीर चांपा, 14 सितम्बर (हि. स.)। नहर में बह रही मां-बेटी को तीन युवकों ने बचाया, टला बड़ा हादसा
जांजगीर-चांपा, 14 सितंबर (हि.स.)। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पकरिया (झूलन) में सोमवार को नहर में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आई मां-बेटी की जान तीन युवकों की सूझबूझ और साहस से बच गई। युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर नहर में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, पकरिया (झूलन) स्थित बड़े नहर मुख्य मार्ग पुल के नीचे मां और उसकी बेटी नहाने गई थीं। इसी दौरान नहर के तेज बहाव में दोनों बहने लगीं। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच गांव के सत्येंद्र सूर्यवंशी (27), रामभरोस सारथी (26) और टोनी प्रकाश खूंटे (19) ने तत्काल नहर में उतरकर दोनों को बचाने का प्रयास शुरू किया।
तेज बहाव के बावजूद तीनों युवकों ने हिम्मत नहीं हारी और काफी मशक्कत के बाद मां-बेटी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि इन दिनों नहर में पानी का बहाव काफी तेज है। ऐसे में नहर में नहाना या उसके किनारे जाना जोखिम भरा हो सकता है। घटना के बाद लोगों से जलस्रोतों के पास विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
मां-बेटी की जान बचाने वाले सत्येंद्र सूर्यवंशी, रामभरोस सारथी और टोनी प्रकाश खूंटे के साहस की स्थानीय लोगों ने सराहना की। क्षेत्र में तीनों युवकों की तत्परता और मानवता की भावना की चर्चा बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

