कांकेर जिला अस्पताल के मर्च्यूरी में रखे शव के पैर का पंजा हुआ गायब, जांच कमेटी गठित

WhatsApp Channel Join Now

कांकेर, 19 अगस्त (हि.स.)।कांकेर जिला अस्पताल के मर्च्यूरी में सुरक्षित रखे गए शव के पैर का पंजा गायब मिला है, बुधवार सुबह शव लेने पहुंचे परिजनों ने जब देखा की शव के एक पैर का पंजा गायब है तो उनके होश उड़ गए। इस मामले की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से परिजनों ने की।जिसके बाद जांच कमेटी गठित कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रही है कि शव के पैर का पंजा आखिर कहां गया।

मृतक के परिवार वालों ने बताया कि रौशन कौशिक की मंगलवार को अचानक से तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उनको इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने तत्काल रौशन कौशिक की जांच की, जांच में पाया कि उनकी मौत हो चुकी है। रात ज्यादा होने की वजह से शव को परिजनों ने वहीं पर मर्च्यूरी में रखवा दिया। परिजनों ने सोचा कि सुबह यहां से शव को ले जाएंगे और अंतिम संस्कार कर देंगे। लेकिन आज सुबह जब परिजन पहुंचे तो देखा कि शव के एक पैर का पंजा गायब है। परिजनों ने इसकी लिखित शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की।

परिजनों का कहना है कि अस्पताल की मर्च्यूरी में रखे शव के पैर का पंजा कैसे गायब हो गया। घटना ने मर्च्यूरी की निगरानी और शवों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधक डॉ. अमित पांडेय ने जांच कमेटी गठित करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि जानकारी मिलने के बाद मर्च्यूरी का निरीक्षण किया गया है। जांच कमेटी को तत्काल जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि जांच रिपोर्ट में जो भी व्यक्ति इस घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story