मानस भवन में 80 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
मानस भवन में 80 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास


गूंजा योग और नशा मुक्ति का संदेश

धमतरी, 20 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को गोकुलपुर वार्ड के मानस भवन परिसर में योग संगम 2026 कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में योग से स्वास्थ्य और नशा मुक्ति का प्रेरक संदेश दिया गया। समाज कल्याण विभाग के सहयोग एवं जननी सेवा संस्थान अर्जुनी (सियान गुड़ी) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 80 वरिष्ठ नागरिकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा, क्रीड़ा भारती जिला धमतरी के अध्यक्ष एवं प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष लक्ष्मण लाल साहू तथा आयुर्वेद जिला चिकित्सा अधिकारी डा अवध पचौरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं आयुर्वेद एवं पंचकर्म चिकित्सक डा संदीप साहू, पार्षद गजेन्द्र कंवर, पूर्व पार्षद विजय साहू एवं महेश साहू ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

योग प्रशिक्षक उमराव साहू के मार्गदर्शन में उमेंद्र भारद्वाज एवं निकिता ने उपस्थित जनों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और योगाभ्यास कराया तथा योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए योग को प्रतिदिन की दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। वहीं डाॅ. अवध पचौरी ने योग को संपूर्ण जीवनशैली बताते हुए इसके नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। लक्ष्मण लाल साहू ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प कराया गया। अतिथियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। समापन अवसर पर जननी सेवा संस्थान की अध्यक्ष अन्नपूर्णा गजेन्द्र ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम में संस्था की सचिव यंजुला सिन्हा सहित शेषनारायण, दानवीर, दिव्या, दिव्यप्रकाश, धनेन्द्र कुमार, रूपेश, रुक्मणी, सती, लिलेश्वरी एवं चैतांशु सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story