मानसूनी बारिश से खूबसूरत स्वरूप में आने लगा चित्रकोट जलप्रपात
जगदलपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। बस्तर का चित्रकोट जलप्रपात मानसून की बारिश के बाद फिर अपने खूबसूरत स्वरूप में नजर आने लगा है। मानसून सीजन की पहली ड्रोन तस्वीरों में जलप्रपात से 4 बड़ी धाराएं बहती दिख रही हैं। करीब दो-तीन महीने पहले गर्मी के कारण चित्रकोट लगभग सूख गया था। बस्तर में लगातार हो रही बारिश से इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसका असर चित्रकोट जलप्रपात पर साफ दिखाई दे रहा है। जलप्रपात का सुंदर नजारा देखने के लिए अब बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचने लगे हैं।
बस्तर संभाग में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इससे इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ा है। इसी नदी का पानी चित्रकोट जलप्रपात में गिरता है। पानी बढ़ने के साथ जलप्रपात की धाराएं भी चौड़ी और तेज हो गई हैं। अगर बारिश ऐसे ही जारी रही तो आने वाले दिनों में जलप्रपात और भी भव्य दिखाई देगा। मानसून शुरू होते ही चित्रकोट जलप्रपात की रौनक लौट आई है। बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। ड्रोन से दिख रही जलधाराएं और चारों ओर फैली हरियाली लोगों को खूब आकर्षित कर रही है। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

