झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग की सख्ती, प्रदेशभर में अवैध क्लीनिकों की निगरानी तेज

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 2 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिना वैध अनुज्ञा चिकित्सा कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ऐसे चिकित्सा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है तथा शिकायत प्राप्त होने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

रायगढ़ जिले में भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों एवं बिना वैध अनुज्ञा चिकित्सा कार्य करने वाले व्यक्तियों की लगातार जांच की जा रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान चिकित्सा कार्य से संबंधित वैध अनुमति एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुज्ञा लोगों का उपचार करने अथवा चिकित्सा या शल्य चिकित्सा करने वालों के विरुद्ध सख्ती बरती जाएगी। रायगढ़ में यह निगरानी एवं निरीक्षण प्रक्रिया निरंतर जारी है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बीमारी की स्थिति में झोलाछाप अथवा अपंजीकृत व्यक्तियों से उपचार कराने के बजाय निकटतम शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा पंजीकृत चिकित्सक से ही उपचार कराएं। इससे बीमारी की सही जांच और उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story