सारंगढ़-बिलाईगढ़ में धान खरीद की तैयारियों की होगी सख्त निगरानी, कलेक्टर ने दिए निरीक्षण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में धान खरीद की तैयारियों की होगी सख्त निगरानी, कलेक्टर ने दिए निरीक्षण के निर्देश


जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 नवंबर (हि. स.)। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीद की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रभावी निगरानी रखते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में धान खरीद की तैयारियों के साथ सड़क मरम्मत, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों और विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आम नागरिकों और किसानों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

सारंगढ़ से बलौदाबाजार मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य जल्द शुरू कर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों और विभागीय लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और आवेदकों को समय पर राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

आपदा मद आरबीसी 6-4 के तहत लंबित प्रकरणों पर कलेक्टर ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा। उन्होंने पात्र प्रभावित हितग्राहियों को नियमानुसार सहायता राशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा विद्यार्थियों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए सारंगढ़ के गणचौक से बस स्टैंड तक ई-रिक्शा संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को आने-जाने में सुविधा मिल सके।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम डीएस राजपूत, बिलाईगढ़ एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story