कोरबा में घर में घुसा नेवला, सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
कोरबा, 04 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पोड़ीबहार क्षेत्र में रविवार रात करीब 10:30 बजे एक नेवला घर में घुसने से हड़कंप मच गया। यह घटना विजय अग्रवाल के घर की है, जहां अचानक नेवले के प्रवेश से परिवार के सदस्य घबरा गए और तुरंत मदद के लिए रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसायटी के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य नमन के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर जब टीम ने जांच की तो नेवला कमरे में रखी अलमारी के नीचे छिपा हुआ मिला। जैसे ही रेस्क्यू टीम ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, नेवला तेजी से इधर-उधर भागने लगा, जिससे उसे पकड़ना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया।
रेस्क्यू टीम ने सूझबूझ और सावधानी का परिचय देते हुए बिना किसी नुकसान के नेवले को सुरक्षित पकड़ लिया। करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिली, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम का आभार व्यक्त किया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके निर्देश पर नेवले को उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
इस संबंध में संस्था अध्यक्ष अविनाश यादव ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही वन्यजीव पानी और भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि अगर घर या आसपास सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो घबराएं नहीं और न ही उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या टीम से संपर्क करना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

