जांजगीर-चांपा: छेड़छाड़ के आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
जांजगीर-चांपा, 09 अप्रैल (हि. स.)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की सक्रियता और तत्परता से पीड़िता को त्वरित न्याय की दिशा में राहत मिली है।
घटना 4 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9 बजे की है, जब पीड़िता एक अन्य महिला के साथ बातचीत कर रही थी। इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचा और दोनों महिलाओं के साथ अनुचित टिप्पणियां करते हुए अभद्र व्यवहार करने लगा। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपित ने अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया और पीड़िता के साथ जबरन छेड़छाड़ करने लगा। बीच-बचाव करने आई दूसरी महिला के साथ भी उसने अभद्रता की।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत धारा 74 एवं 296 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुलमुला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपित की लोकेशन पामगढ़ क्षेत्र में मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आराेपित मुकेश टंडन (38 वर्ष) निवासी नरियरा (दमादपारा) थाना मुलमुला काे पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

