अंबिकापुर : घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर : घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, आरोपित गिरफ्तार


अंबिकापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले में महिला संबंधी अपराधों पर सख्ती दिखाते हुए गांधीनगर पुलिस ने छेड़छाड़ के एक मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को पकड़कर आज न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 मार्च 2026 की शाम करमहा निवासी कुलदीप रवि उसके घर में घुस आया और गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 177/26 के तहत धारा 331(6) और 74 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता का बयान दर्ज किया और आरोपित की तलाश शुरू की।

पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद आरोपी कुलदीप रवि (40 वर्ष), निवासी करमहा, थाना कोतवाली अंबिकापुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप दुबे, सहायक उप निरीक्षक ललन गुप्ता, प्रधान आरक्षक अमित सिंह सहित महिला आरक्षक सरस्वती, प्रिया रानी, आरक्षक राहुल सिंह और सैनिक अनिल साहू की सक्रिय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story