सूरजपुर : मोहरसोप शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 872 आवेदन मिले, 275 समस्याओं का मौके पर निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : मोहरसोप शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 872 आवेदन मिले, 275 समस्याओं का मौके पर निराकरण


सूरजपुर, 08 मई (हि.स.)। जनपद पंचायत ओड़गी के ग्राम पंचायत मोहरसोप में आज शुक्रवार काे आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का बड़ा मंच बनकर सामने आया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े की मौजूदगी में आयोजित शिविर में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के सामने रखीं। शिविर में कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की।

शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा और उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कई हितग्राहियों को मौके पर ही प्रमाण पत्र, स्वीकृति आदेश और अन्य लाभ भी वितरित किए गए।

प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार शिविर में कुल 872 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 828 मांग और 44 शिकायत से संबंधित थे। इनमें से 275 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। तत्काल निराकृत आवेदनों में 264 मांग और 11 शिकायत से जुड़े मामले शामिल रहे। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा गांव में पहुंचकर समस्याएं सुनने और त्वरित समाधान करने की पहल की सराहना की। उन्होंने इसे शासन और आमजन के बीच दूरी कम करने वाला प्रयास बताया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, जनपद पंचायत ओड़गी के सीईओ, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story