मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का विशेष जनसंपर्क अभियान , रंजना साहू ने प्रबुद्धजनों से किया संवाद

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का विशेष जनसंपर्क अभियान , रंजना साहू ने प्रबुद्धजनों से किया संवाद


धमतरी, 12 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना दीपेंद्र साहू ने शुक्रवार को शहर मंडल के विभिन्न वार्डों में प्रबुद्धजनों, वरिष्ठ नागरिकों, समाज प्रमुखों और संस्था प्रमुखों से आत्मीय मुलाकात कर जनसंवाद किया।

विधायक रंजना दीपेंद्र साहू ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने जनहित और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ऐसी अनेक योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रबुद्धजनों के साथ केंद्र सरकार की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया गया। संवाद के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।

अभियान के अंतर्गत ब्राह्मणपारा वार्ड में विनोद पांडे, दिनेश दुबे, सुधीर गुप्ता एवं सुनील भारत, कोष्टापारा वार्ड में गीतेश प्रजापति और प्रियंका पटेल, बनियापारा वार्ड में डॉ. वाय.के. सिंह, दिलीप सोनी एवं लखखूभाई भानुशाली तथा आमापारा वार्ड में हनुमंत महाराज सहित अनेक प्रबुद्धजनों और वार्डवासियों से भेंट कर मोदी सरकार के स्वर्णिम 12 वर्षों पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष पवन गजपाल, प्रदेश महिला मोर्चा मंत्री बीथिका विश्वास, जिला कार्यालय प्रभारी विजय साहू, शहर मंडल उपाध्यक्ष नीतू त्रिवेदी, महामंत्री गौरव मगर सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story