शहर में चलित झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र, विसर्जन को लेकर निगम ने पूरी की तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now
शहर में चलित झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र, विसर्जन को लेकर निगम ने पूरी की तैयारियां


शहर में चलित झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र, विसर्जन को लेकर निगम ने पूरी की तैयारियां


धमतरी, 23 सितंबर (हि.स.)। विघ्न विनाशक भगवान गणेश का बीते 10 दिनों से चल रहा गणेश महोत्सव का समापन अब करीब है। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि 24 सितंबर गुरुवार की रात 11.18 बजे शुरू होगी और 25 सितंबर शुक्रवार की रात करीब 11.06 बजे समाप्त होगी। नगर के गणेश पंडालों में गुरुवार से हवन-पूजन का दौर शुरू होगा, जबकि मुख्य विसर्जन शुक्रवार को किया जाएगा।

गणपति बप्पा के अंतिम दर्शन के लिए पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। इस बार आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग गणेश प्रतिमाओं के दर्शन के लिए धमतरी पहुंच रहे हैं। लालबगीचा में स्थापित लेटे हुए गणेश की प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण बनी हुई है। वहीं विवेकानंद नगर गणेश उत्सव समिति द्वारा तैयार किए गए भव्य स्वागत द्वार को देखने भी लोगों की भीड़ जुट रही है।

नगर निगम की निर्णायक समिति बुधवार और गुरुवार शाम शहर के विभिन्न गणेश पंडालों का निरीक्षण करेगी। निगम द्वारा आयोजित गणेश उत्सव स्थल झांकी प्रतियोगिता के तहत पंडालों का निरीक्षण किया जाएगा। गणेश विसर्जन के अवसर पर चलित झांकी स्पर्धा घड़ी चौक में होगी। महापौर रोहरा ने बताया कि चलित झांकी में प्रथम और द्वितीय पुरस्कार का प्रावधान नहीं रखा गया है, बल्कि सभी समितियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। स्थायी झांकी के पुरस्कार की राशि गुरुवार को तय की जाएगी। इधर, गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर पालिक निगम ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था के लिए निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

निर्धारित तालाब में विसर्जित की जाएगी छोटी मूर्तियां

छोटी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शीतला तालाब, खोड़िया तालाब, बनिया तालाब और रत्नाबांधा तालाब को चिन्हांकित किया गया है। इन सभी स्थानों पर निगम का अमला तैनात रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा। महापौर रोहरा ने कहा कि गणेश विसर्जन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर निगम ने सभी गणेश उत्सव समितियों और शहरवासियों से 25 और 26 सितंबर को निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने तथा अन्य स्थानों पर विसर्जन से बचने की अपील की है।

सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए हैं

आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने विसर्जन व्यवस्था को लेकर आदेश जारी किया है। विसर्जन स्थलों पर अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निगम द्वारा सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। विसर्जन के बाद भी संबंधित स्थलों की सफाई के लिए निगम का अमला तैनात रहेगा। निगम ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि प्रतिमा के साथ आने वाली पूजन सामग्री और निर्माल्य तालाबों में न डालें, बल्कि निगम द्वारा निर्धारित स्थान पर ही रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story