चांपा रेलवे स्टेशन पर सो रहे युवक का मोबाइल चोरी, पुलिस ने चार घंटे में आरोपित को दबोचा
जांजगीर-चांपा, 18 जून (हि. स.)। चांपा रेलवे स्टेशन के बाहर सो रहे एक युवक का मोबाइल चोरी करने वाले आरोपित को चांपा पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी गया वीवो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत 24 हजार 499 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपित थाना चांपा का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है, जो पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित रोशन विश्वकर्मा, निवासी फरसवानी थाना उरगा, बीती रात रायगढ़ से ट्रेन के माध्यम से चांपा पहुंचा था। देर रात होने के कारण वह चांपा रेलवे स्टेशन के बाहर बैठा-बैठा सो गया। आज गुरुवार सुबह करीब चार बजे एक व्यक्ति उसके पास आया और सफाई कार्य होने की बात कहकर उसे वहां से हटने के लिए कहा। जब रोशन ने अपनी जेब की जांच की तो उसका वीवो मोबाइल फोन गायब मिला।
मोबाइल चोरी होने की जानकारी मिलते ही रोशन विश्वकर्मा ने थाना चांपा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पीड़ित द्वारा जताए गए संदेह के आधार पर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और रेलवे स्टेशन क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच में संदिग्ध की पहचान थाना चांपा के सूचीबद्ध गुंडा बदमाश जितेन्द्र नायक उर्फ जीतू के रूप में हुई।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र नायक उर्फ जीतू (28 वर्ष), निवासी कोरबा रोड चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपित ने रेलवे स्टेशन के बाहर सो रहे युवक का मोबाइल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपित के कब्जे से चोरी गया वीवो मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक बलवंत धृतलहरे, प्रधान आरक्षक निकिता साहू, प्रधान आरक्षक रूकसाना बानो एवं थाना चांपा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

