धमतरी : मोबाइल की लत भी नशे का खतरनाक रूप : डा हीरा महावर

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : मोबाइल की लत भी नशे का खतरनाक रूप : डा हीरा महावर


धमतरी, 14 जुलाई (हि.स.)। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और किशोरों के सामने मौजूद चुनौतियों को लेकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सियारीनाला में मंगलवार को नशा मुक्ति अभियान एवं तारुण्य वार्ता किशोर शक्ति और चुनौतियां विषय पर विशेष संवाद एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सक डॉ. हीरा महावर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि किशोरावस्था ऊर्जा, रचनात्मकता और नई सोच का दौर है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा मिले तो युवा समाज और देश में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

उन्होंने कहा कि, इंटरनेट मीडिया, साथियों के दबाव, तनाव और जानकारी के अभाव में कई किशोर नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा केवल शराब, तंबाकू या अन्य मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल की बढ़ती लत भी युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन रही है। सवाल-जवाब के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्होंने विभिन्न प्रकार के नशों से होने वाले दुष्परिणामों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में संदीप सूर्यवंशी ड्रग इंस्पेक्टर, छत्तीसगढ़ शासन, चंद्रभूषण सिंह मरावी ड्रग इंस्पेक्टर धमतरी, भूषण सेठिया तथा हीना भेसले डीओसी स्काउट/गाइड ने किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा नशा मुक्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देते हुए सहायता के उपलब्ध विकल्पों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में विद्यालय के व्याख्याता पीएल कवर, रूपेश कुमार नापित, वत्युंजय भारती, टोमेंद्र अग्रवाल, सुनील पवार, वीरेंद्र कुमार साहू, उजाला वर्मा, मुकेश साहू, कृष्णकांत सोनकर, मदन कुमार, तोशन कुमार कोसले, महेश्वर, ग्रामीण ईश्वर मांडवी, सीताराम नेताम, अखिलेश दुबे, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं लगभग 150 विद्यार्थी उपस्थित रहे।

पूरे परिवार और समाज काे प्रभावित करता है नशा:

विद्यालय के प्राचार्य मिनेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि यदि किशोरों को समय पर सुना, समझा और सही दिशा दी जाए तो नशा मुक्त, जागरूक और सशक्त पीढ़ी का निर्माण किया जा सकता है। नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story