कोटा नवीन महाविद्यालय भवन मार्च 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश, नालंदा लाइब्रेरी के धीमे निर्माण पर विधायक ने जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
कोटा नवीन महाविद्यालय भवन मार्च 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश, नालंदा लाइब्रेरी के धीमे निर्माण पर विधायक ने जताई नाराजगी


कोटा नवीन महाविद्यालय भवन मार्च 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश, नालंदा लाइब्रेरी के धीमे निर्माण पर विधायक ने जताई नाराजगी


रायपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक अधोसंरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा कराने के उद्देश्य से विधायक राजेश मूणत ने बुधवार सुबह निर्माणाधीन कोटा नवीन महाविद्यालय भवन और नालंदा लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने कोटा महाविद्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, वहीं नालंदा लाइब्रेरी का निर्माण निर्धारित कार्ययोजना से दो माह पीछे होने पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रति नाराजगी जाहिर की।

विधायक ने सबसे पहले कोटा स्थित राम दरबार के समीप 4.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को मार्च 2027 तक संपूर्ण कार्य पूर्ण कर भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए।

महाविद्यालय भवन के भूतल में आकर्षक पोर्च, प्रवेश लॉबी, स्टाफ रूम, कंप्यूटर लैब, भौतिकी एवं रसायन शास्त्र प्रयोगशाला, लाइब्रेरी, डार्क रूम, परीक्षा नियंत्रण कक्ष, स्टोर रूम, प्राचार्य एवं उपप्राचार्य कक्ष, रजिस्ट्रार कंट्रोल कार्यालय तथा सामान्य प्रशासन कक्ष का निर्माण किया जा रहा है। दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विशेष रैंप भी बनाया जा रहा है।

भवन के प्रथम तल पर आधुनिक कक्षाओं के साथ भूविज्ञान, प्राणी विज्ञान प्रयोगशालाओं एवं प्रबंधन कक्ष का सिविल कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में फिनिशिंग का कार्य जारी है। भवन के तैयार होने से कोटा, गुढ़ियारी, भारत माता चौक और आसपास के क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय में उच्च शिक्षा की सुविधा अपने क्षेत्र में उपलब्ध होगी।

निरीक्षण के अगले चरण में विधायक ने 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा लाइब्रेरी का जायजा लिया। निर्धारित कार्ययोजना से निर्माण कार्य दो माह पीछे चलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को फटकार लगाई। उन्होंने अतिरिक्त संसाधन और श्रमिक लगाकर निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की नियमित निगरानी और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

नालंदा लाइब्रेरी शहर के युवाओं और यूपीएससी, सीजीपीएससी, व्यापम, बैंकिंग, नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र बनेगी। यहां विद्यार्थियों को शांत वातावरण, वाई-फाई युक्त डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स और देर रात तक सुरक्षित अध्ययन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विधायक ने कहा कि रायपुर पश्चिम के युवाओं को आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। कोटा में निर्माणाधीन नवीन महाविद्यालय उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा, वहीं नालंदा लाइब्रेरी हजारों विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित समय-सीमा से पीछे रहने वाले अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782777 Articles

Share this story