जांजगीर-चांपा: 4 मई को विधायक ब्यास कश्यप का सत्याग्रह, अनुदान में भेदभाव और रुके विकास कार्यों पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा: 4 मई को विधायक ब्यास कश्यप का सत्याग्रह, अनुदान में भेदभाव और रुके विकास कार्यों पर उठाए सवाल


जांजगीर चांपा, 30 अप्रैल (हि. स.)। विधायक ब्यास कश्यप ने जांजगीर-चांपा में अनुदान वितरण में कथित भेदभाव और क्षेत्र में रुके विकास कार्यों के विरोध में सत्याग्रह पर बैठने का ऐलान किया है। यह सत्याग्रह 4 मई, सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा के सामने आयोजित किया जाएगा।

बताया गया है कि, पहले यह अनशन 1 मई को प्रस्तावित था, लेकिन बुद्ध पूर्णिमा के अवकाश के चलते इसकी तारीख में बदलाव किया गया। अब विधायक कश्यप 4 मई को सत्याग्रह के माध्यम से अपनी मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करेंगे।

विधायक ब्यास कश्यप ने आरोप लगाया है कि, जांजगीर-चांपा जिले में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी हो गई है और कई महत्वपूर्ण योजनाएं अधूरी पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि, क्षेत्र में मिलने वाले अनुदान में भी असमानता बरती जा रही है, जिससे आम जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि, यह सत्याग्रह किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के अधिकारों और विकास के लिए किया जा रहा है। कश्यप ने कहा क‍ि, “जनता के हक के लिए लड़ाई जारी रहेगी और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।”

सत्याग्रह के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसको लेकर प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। वहीं, अब सभी की नजरें 4 मई को होने वाले इस आंदोलन पर टिकी हुई हैं, जिससे जिले की राजनीति में हलचल तेज होने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story