मितानिन पर पत्थर से हमला, 18 दिन बाद भी हालत में सुधार नहीं; कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
मितानिन पर पत्थर से हमला, 18 दिन बाद भी हालत में सुधार नहीं; कार्रवाई की मांग


धमतरी, 11 अगस्त (हि.स.)। ग्राम अछोटा की मितानिन कल्पना नेताम पति हेमचंद नेताम पर पत्थर से हमला करने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मितानिन संघ ने मंगलवार को जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। मितानिनों ने आरोपित भूपेन्द्र यादव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, घायल मितानिन के इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उसे उचित न्याय दिलाने की मांग की।

मितानिन प्रीति ध्रुव एमटी, सुमित्रा यादव, देवकी सिन्हा, कलिन्द्री, अन्नु सिन्हा, सोहद्रा साहू, दुलेश्वरी ध्रुव, कांति देवांगन, सहेबिन निषाद, मीणा ध्रुव, कंचन रंगारी, फगनी बाई, केवरा यादव, नीना साहू, अनुपा यादव, ललिता निषाद, कांति यदु, आशा यादव, कमला यादव, रामेश्वरी ध्रुव सहित अन्य मितानिनों ने आवेदन में बताया कि ग्राम अछोटा में मितानिन कल्पना नेताम पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे उनके दांत और जबड़े से खून निकलने लगा था। घटना के बाद उनकी तबीयत लगातार प्रभावित है और 18 दिन बीत जाने के बावजूद स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

मितानिन संघ के अनुसार घटना के बाद कल्पना नेताम की बेटी जब मामले के संबंध में पूछताछ करने भूपेन्द्र यादव के घर पहुंची, तो उसे भी फरसा लेकर दौड़ाया गया। इससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। मितानिनों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह की घटना गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीण क्षेत्रों में मितानिनें घर-घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं और जागरूकता का कार्य करती हैं, ऐसे में उनके साथ मारपीट या हमला होने से उनके मनोबल पर भी असर पड़ता है।

संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा घायल मितानिन को उपचार के लिए आवश्यक आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मितानिनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग प्रशासन से की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story