चैनपुर में मिली 12 वर्षीय भटकी बालिका की पहचान नहीं हुई, पुलिस ने आमजन से मांगी मदद

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।सूरजपुर जिले के चैनपुर गांव में भटकते हुए मिली करीब 12 वर्षीय बालिका के परिजनों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। बालिका अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही है। ऐसे में जिला प्रशासन, पुलिस और बाल संरक्षण विभाग ने बालिका के परिजनों तक पहुंचने के लिए आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

जानकारी के अनुसार 16 अगस्त 2026 की रात ग्राम चैनपुर, थाना झिलमिली क्षेत्र में करीब 12 वर्षीय बालिका भटकते हुए मिली थी। पुलिस थाना झिलमिली ने बालिका को संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद 17 अगस्त को महिला आरक्षक, पुलिस थाना झिलमिली द्वारा बालिका को आवश्यक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बाल कल्याण समिति द्वारा बालिका का नाम गौरी रखा गया है। वर्तमान में बालिका अपने परिवार, गांव और निवास स्थान के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही है। इसके चलते उसके परिजनों और मूल निवास की पहचान नहीं हो सकी है। बालिका की पहचान और उसके परिवार तक पहुंचने के लिए संबंधित विभाग द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग, सूरजपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस बालिका को पहचानता है या उसके परिवार अथवा निवास स्थान के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी रखता है, तो तत्काल महिला एवं बाल विकास विभाग को सूचना दें।

सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर 7987721889 पर संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बालिका की पहचान में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराएं, ताकि उसे उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story