ग्रामीणों की मांग पर मंत्री रामविचार ने रुकवाया काफिला, टुकु नाला पर पुलिया निर्माण का दिया भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीणों की मांग पर मंत्री रामविचार ने रुकवाया काफिला, टुकु नाला पर पुलिया निर्माण का दिया भरोसा


ग्रामीणों की मांग पर मंत्री रामविचार ने रुकवाया काफिला, टुकु नाला पर पुलिया निर्माण का दिया भरोसा


बलरामपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत गम्हरिया के ग्रामीणों की समस्या सुनने के लिए क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने चिनियां खेल मैदान के पास अपना काफिला रुकवाया। ग्रामीणों ने टुकु नाला पर पुलिया निर्माण की मांग रखी। मंत्री ने उनकी समस्या सुनते हुए इस दिशा में आवश्यक पहल करने और जल्द कार्रवाई के प्रयास का आश्वासन दिया।

मंत्री नेताम अपने निवास से रामानुजगंज में शनिवार काे आयोजित एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत गम्हरिया के ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उनसे मिलने के लिए आ रहे हैं, लेकिन समय पर नहीं पहुंच सके। इसके बाद मंत्री ने रास्ते में काफिला रुकवाकर उनसे मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

ग्रामीणों ने बताया कि टुकु नाला से होकर गुजरने वाला रास्ता गम्हरिया को मुख्य सड़क से जोड़ता है। इस मार्ग से रोजाना ग्रामीणों और विद्यार्थियों का आवागमन होता है। पुलिया नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में रास्ता पार करने में परेशानी होती है। विद्यार्थियों को भी जोखिम उठाकर स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने इसे पंचायत की प्रमुख समस्या बताते हुए पुलिया निर्माण की मांग की।

मंत्री रामविचार नेताम ने ग्रामीणों को उनकी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया। व्यस्त कार्यक्रम के बीच रुककर समस्या सुनने पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उनके प्रति आभार जताया।

इस दौरान जनपद सदस्य अशर्फी यादव, सरपंच सुषमा सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री इरफान अंसारी, उपसरपंच जयमंगल सिंह, बूथ अध्यक्ष राजकिशोर सिंह सहित नरेश यादव, मंजूर आलम, कृष्णा यादव, रामलाल सिंह, देवनारायण सिंह, अरविंद यादव, मंसूर आलम, सुरेश यादव, प्रयाग यादव, विचारन राम, रमेश सिंह, राजू राम और पारसनाथ यादव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story