अम्बिकापुर : 50 लाख की चोरी पर व्यापारियों का फूटा गुस्सा, मंत्री को ही बना लिया बंधक! टीआई से बोले- आकर छुड़ाइए
अम्बिकापुर, 24 नवंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर शहर में करीब 50 लाख रुपये की चोरी का मामला अब पुलिस की कार्रवाई में देरी को लेकर तूल पकड़ने लगा है। खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग में हुई कथित चोरी को लेकर व्यापारियों का सब्र जवाब देने लगा है। आरोप है कि प्रतिष्ठान के कर्मचारियों ने करीब 50 लाख रुपये की रकम चोरी की है, लेकिन मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से व्यापारी नाराज हैं। इसी नाराजगी के बीच सोमवार को अग्रसेन भवन में व्यापारियों की बैठक हुई, जहां पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल को भी व्यापारियों के सवालों और विरोध का सामना करना पड़ा।
बैठक में व्यापारियों ने मंत्री के सामने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की रकम बरामद करने की मांग रखी। व्यापारियों की नाराजगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंत्री को मौके पर ही कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगाना पड़ा। मंत्री और टीआई के बीच हुई बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फोन पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी अखिलेश सिंह से मामले में अब तक हुई कार्रवाई का हिसाब मांगा। इसी दौरान व्यापारियों के दबाव और नाराजगी को हल्के-फुल्के अंदाज में जाहिर करते हुए मंत्री ने कहा, व्यापारियों ने मुझे बांधकर रखा है, चोर नहीं पकड़े जा रहे हैं तो आकर छुड़ाइए। मंत्री के इस बयान ने पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया है।
दरअसल, खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग में करीब 50 लाख रुपये की चोरी का आरोप दुकान के कर्मचारियों पर लगाया गया है। इतनी बड़ी रकम से जुड़े मामले में कार्रवाई में देरी को लेकर व्यापारियों में असंतोष है। उनका कहना है कि जब इतनी बड़ी चोरी का मामला सामने आया है, तो पुलिस को गंभीरता दिखाते हुए आरोपियों तक जल्द पहुंचना चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर व्यापारियों ने अग्रसेन भवन में बैठक कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
मंत्री के फोन पर सवालों का जवाब देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी ने दो से तीन दिन के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद अब व्यापारियों की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। हालांकि, व्यापारियों की मांग सिर्फ कार्रवाई के आश्वासन तक सीमित नहीं है, बल्कि वे आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गई पूरी रकम की बरामदगी चाहते हैं।
मंत्री और टीआई के बीच हुई बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है। अब बड़ा सवाल यही है कि पुलिस दो से तीन दिन के भीतर अपने आश्वासन पर कितना खरा उतरती है और करीब 50 लाख रुपये की कथित चोरी के मामले में व्यापारियों को कब तक न्याय मिल पाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

