सूरजपुर को मिली 9 नई 108 एम्बुलेंस, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर को मिली 9 नई 108 एम्बुलेंस, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई हरी झंडी


सूरजपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज बुधवार काे 9 नई 108 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये एम्बुलेंस जिले और विकासखंड स्तर पर तैनात की जाएंगी, जिससे आपातकालीन सेवाओं की पहुंच और गति दोनों में सुधार होगा।

नई एम्बुलेंस एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) और बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इनमें बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक और आपातकालीन उपचार मिल सके और जरूरत पड़ने पर समय पर उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जा सके।

शासन द्वारा 108 एम्बुलेंस सेवा के लिए स्पष्ट समय सीमा भी निर्धारित की गई है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। नई एम्बुलेंसों के जुड़ने से दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में भी स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी और सुलभ होंगी।

इस अवसर पर भीमसेन अग्रवाल, मुरली मनोहर सोनी, शशिकांत गर्ग, संदीप अग्रवाल, राजेश्वर तिवारी, देव गुप्ता, रितेश गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कपिल देव पैकरा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. अजय मरकाम, डॉ. राजेश पैकरा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप नामदेव, अस्पताल सलाहकार नीलेश गुप्ता एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story