विजयादशमी पर शहर के प्रमुख दशहरा उत्सवों में शामिल हुए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन

WhatsApp Channel Join Now
विजयादशमी पर शहर के प्रमुख दशहरा उत्सवों में शामिल हुए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन


विजयादशमी पर शहर के प्रमुख दशहरा उत्सवों में शामिल हुए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन


कोरबा, 21 अक्टूबर (हि. स.)। विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन शहर के विभिन्न प्रमुख दशहरा उत्सव कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को स्मरण करते हुए सभी को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मंत्री श्री देवांगन सर्वप्रथम एचटीपीपी दर्री के लाल मैदान में आयोजित विशाल दशहरा उत्सव में शामिल हुए। इसके पश्चात उन्होंने दर्री मेन रोड स्थित दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव में सहभागिता की। इसी क्रम में वे बुधवारी बस्ती में आयोजित दशहरा उत्सव, मुड़ापार बाजार के भव्य दशहरा उत्सव तथा राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1, निहारिका में आयोजित विशाल दशहरा उत्सव में सम्मिलित हुए। सभी आयोजन स्थलों पर उन्होंने नागरिकों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने दर्री मेन रोड दुर्गा पूजा समिति, बुधवारी दशहरा उत्सव समिति, राजेंद्र प्रसाद नगर फेस एक, मुडापार दशहरा उत्सव समिति को क्रमशः 1-1 लाख की सहयोग राशि देने की घोषणा की गई।

भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने का पर्व है विजयादशमी : मंत्री देवांगन

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि विजयादशमी केवल रावण पर भगवान श्रीराम की विजय का पर्व नहीं, बल्कि यह सत्य, धर्म, न्याय और सदाचार की शक्ति का प्रतीक है। यह पर्व हमें सिखाता है कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न आएं, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की अंततः विजय होती है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी हमें परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। विजयादशमी का पर्व हमें अपने भीतर विद्यमान अहंकार, क्रोध, द्वेष और नकारात्मकता रूपी बुराइयों का त्याग कर अच्छाई एवं सदाचार को अपनाने का संकल्प लेने का संदेश देता है।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि त्योहार हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है और समाज में आपसी भाईचारा तथा सद्भाव और अधिक मजबूत होता है।

उन्होंने समस्त कोरबा वासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि विजयादशमी का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और सफलता लेकर आए।उन्होंने सभी नागरिकों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर एक सशक्त, समृद्ध और संस्कारवान समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद प्रीती शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा , एल्डरमैन ईश्वर साहू, सरोज शांडिल्य, मुकुंद कंवर ,किशोर साहू , पार्षद पंकज देवांगन, सहित अन्य पदाधिकारी गण एवं समिति के पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764180 Articles

Share this story