नीट में सफल दंतेवाड़ा के 24 विद्यार्थियों काे मंत्री केदार कश्यप ने भेंट किए टैबलेट

WhatsApp Channel Join Now
नीट में सफल दंतेवाड़ा के 24 विद्यार्थियों काे मंत्री केदार कश्यप ने भेंट किए टैबलेट


दंतेवाड़ा, 27 जुलाई (हि.स.)। बस्तर अंचल के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देते हुए कारली स्थित छू लो आसमान आवासीय शैक्षणिक संस्था में नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आज रविवार काे आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, परिवहन तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सफल विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें टैबलेट भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलते बस्तर की सकारात्मक तस्वीर है और पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली युवाओं को उनके लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए आवश्यक संसाधन और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि नीट में सफलता मंजिल नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता की नई यात्रा की शुरुआत है। मंत्री ने छू लो आसमान संस्था के शिक्षकों, मार्गदर्शकों और अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके समर्पित प्रयासों से वनांचल के अनेक विद्यार्थी डॉक्टर बनने के अपने सपने के करीब पहुंच रहे हैं।

संस्था के अनुसार 2026 में कुल 24 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। इसे बस्तर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत के साथ संस्थान के समर्पित मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story