मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के 9 गेट खुले, 41,080 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा

WhatsApp Channel Join Now
मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के 9 गेट खुले, 41,080 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा


कोरबा, 16 अगस्त (हि. स.)। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में लगातार बढ़ती पानी की आवक को देखते हुए रविवार 16 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे बांध के कुल 9 गेट खोलकर बाढ़ के पानी को नियंत्रित किया जा रहा है। बांध का जलस्तर वर्तमान में 358.60 मीटर है, जो कुल भराव क्षमता का 93.65 प्रतिशत है। पानी की अधिक आवक को देखते हुए मुख्य अभियंता बिलासपुर और अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा एवं अनुमति के बाद गेटों की ओपनिंग बढ़ाई गई है।

बांध से वर्तमान में कुल 41,080 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। इसमें बांध के गेटों से 32,080 क्यूसेक तथा पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दूसरी ओर बांध में पानी की आवक करीब 16,700 क्यूसेक बनी हुई है।

शाम 4 बजे बांध के गेट नंबर 2 और 10 को 0.10 मीटर, गेट नंबर 3 और 8 को 0.40 मीटर तथा गेट नंबर 4, 5, 6 और 7 को 1-1 मीटर तक खोला गया है। सभी गेटों की कुल ओपनिंग 6 मीटर है। इन गेटों के जरिए 32,080 क्यूसेक पानी बाहर निकाला जा रहा है।

जानकारी के अनुसार पिछले कुछ घंटों से बांध का जलस्तर स्थिर बना हुआ है। इससे पहले पिछले 7 घंटे में जलस्तर करीब 7 सेंटीमीटर नीचे आया था। अधिकारियों के अनुसार जलस्तर 358.32 मीटर यानी करीब 92 प्रतिशत तक आने पर बांध के गेटों को बंद किए जाने की संभावना है। इसके बाद बांध में आने वाले पानी को मुख्य रूप से जल विद्युत संयंत्र के माध्यम से बाहर निकालने की योजना है।

मिनीमाता हसदेव बांगो बांध के गेट खुलने से हसदेव नदी में पानी का बहाव बढ़ गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग बांध के जलस्तर, पानी की आवक और डिस्चार्ज की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

बांध में पानी की आवक और जलस्तर में होने वाले बदलाव के आधार पर आने वाले समय में गेटों की ओपनिंग और डिस्चार्ज की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story