विद्यार्थियों को दिया गया नशामुक्ति, यातायात व साइबर सुरक्षा का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थियों को दिया गया नशामुक्ति, यातायात व साइबर सुरक्षा का संदेश


विद्यार्थियों को दिया गया नशामुक्ति, यातायात व साइबर सुरक्षा का संदेश


विद्यार्थियों को दिया गया नशामुक्ति, यातायात व साइबर सुरक्षा का संदेश


सजग विद्यार्थी, सुरक्षित समाज की दिशा में धमतरी पुलिस की विशेष पहल, देमार हाई स्कूल में हुआ आयोजन

धमतरी, 07 अगस्त (हि.स.)। युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में धमतरी पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को ग्राम देमार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा, राहवीर योजना (गुड सेमेरिटन) एवं साइबर अपराध से बचाव विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, सड़क सुरक्षा नियमों, साइबर ठगी से बचाव तथा सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की समय पर सहायता करने के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाएं। यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने की समझाइश दी गई। साथ ही विद्यार्थियों से अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया और विद्यार्थियों को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया गया। साइबर सुरक्षा सत्र में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों तथा फर्जी कॉल से बचने के उपाय बताए गए। विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कार्यक्रम में प्राचार्य देवनाथ साहू, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू, राजीव साहू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले के विभिन्न स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि नशामुक्त, सुरक्षित और साइबर अपराध मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story