भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर धमतरी में गूंजा जनजातीय गौरव का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर धमतरी में गूंजा जनजातीय गौरव का संदेश


जनजातीय

गौरव दिवस पर कलेक्ट्रेट में हुआ प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण,

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया धरती आबा को नमन

धमतरी, 15 नवंबर (हि.स.)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को धमतरी

जिले में जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर

पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय

जनजातीय गौरव दिवस समारोह का सीधा प्रसारण किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र

मोदी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए संबोधन को

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और जनजातीय समाज

के लोगों ने देखा एवं सुना। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के

छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। उपस्थित लोगों

ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को

याद किया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल सहित

जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में

विद्यार्थी एवं जनजातीय समाज के नागरिक उपस्थित रहे।

इस दौरान वक्ताओं ने

स्वतंत्रता संग्राम में भगवान बिरसा मुंडा के अतुलनीय योगदान और जनजातीय

समाज के अधिकारों, स्वाभिमान, संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा के लिए उनके

संघर्षों को याद किया। उनके नेतृत्व में हुए आंदोलन ने न केवल ब्रिटिश शासन

को चुनौती दी, बल्कि आदिवासी समाज में अधिकारों और सामाजिक चेतना की नई

अलख जगाई। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का

प्रेरणादायी उदाहरण है।

जनजातीय गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य जनजातीय समाज

के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में

उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर केंद्र एवं राज्य सरकार

की ओर से जनजातीय समुदाय के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान, आजीविका

संवर्धन तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी

भी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों

को अपनाने तथा जनजातीय समाज की अस्मिता, अधिकारों और सांस्कृतिक विरासत के

संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777648 Articles

Share this story