सेवा संकल्प अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर रंगोली से दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर रंगोली से दिया संदेश


जगदलपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जेएनएम कॉलेज जगदलपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बालिकाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और समाज में सकारात्मक चेतना के प्रसार के लिए रंगोली प्रतियोगिता का आज साेमवार काे आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भागीदारी करते हुए रंगों के माध्यम से समाज में बेटियों की समान सहभागिता, सुरक्षा, शिक्षा और उनके अधिकारों को रेखांकित किया। सेवा और सामाजिक दायित्व की भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट कलाकृतियों के जरिए बेटियों के प्रति रूढ़िवादी सोच को दूर कर समानता का वातावरण तैयार करने की सशक्त पहल की।

अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम स्थल पर पीसीपीएनडीटी अधिनियम 1994 के अंतर्गत प्रभावी जन-जागरूकता का संदेश भी प्रसारित किया गया। इस दौरान “छत्तीसगढ़ का प्रण, हर बेटी को जीवन—बेटियों का जन्म उत्सव, समानता का उत्सव” के संकल्प को दोहराते हुए उपस्थित अधिकारियों ने गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व लिंग चयन व निर्धारण की रोकथाम पर संदेश दिया। साथ ही, समाज के हर वर्ग से बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में स्वीकार करने और लिंग आधारित भेदभाव को समाप्त करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सी मैत्री, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ रीना लक्ष्मी, नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एक्ट) तथा पीसीपीएनडीटी शाखा से संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की इस सृजनात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य केवल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि बेटियों के संरक्षण, गरिमा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए जन-जन में संवेदनशीलता का संचार करना भी है। उत्साह और संकल्प के वातावरण में संपन्न हुआ यह आयोजन समाज को बेटियों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का एक मजबूत संदेश दे गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759757 Articles

Share this story