बीजापुर में श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों का प्रतिष्ठित विद्यालयों में हुआ चयन

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर में श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों का प्रतिष्ठित विद्यालयों में हुआ चयन


बीजापुर, 03 अगस्त (हि.स.)। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को प्रतिष्ठित विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। जिला बीजापुर के विभिन्न विकासखंडों के कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का इस योजना के अंतर्गत चयन हुआ है। कलेक्टर विश्वदीप ने साेमवार काे चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से मुलाकात कर बधाई व शुभकामनाएं दी।

विकासखंड उसूर के ग्राम बसागुड़ा की छात्रा सानवीं संगम का चयन दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है। वहीं विकासखंड भोपालपटनम के ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा परिधि कावटी तथा विकासखंड बीजापुर के ग्राम सागमेटा के छात्र देवांश जनगम और ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा निहारिका नीकुरी का चयन हम एकेडमी, जगदलपुर में हुआ है। इसके अलावा विकासखंड भैरमगढ़ के ग्राम छोटे गोगला के छात्र आदित्य कोरसा का चयन भी दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है।

चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बताया कि वे श्रमिक परिवार से हैं और सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण बच्चों को प्रतिष्ठित विद्यालयों में शिक्षा दिलाना उनके लिए संभव नहीं था। श्रम विभाग में पंजीयन के बाद अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया, जिसके परिणामस्वरूप उनके बच्चों का चयन हुआ। अब बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर कलेक्टर विश्वदीप ने चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता, समाज और देश का नाम रोशन करने तथा अपने सुनहरे भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी, उनका कुशलक्षेम जाना तथा बच्चों के चयन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्रम निरीक्षक सोपान कर्णेवार एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story