‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में 93 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, चित्रों और भाषण से रखा विकसित भारत का विजन
बलरामपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज सोमवार को जिला ग्रंथालय बलरामपुर में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जिलास्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिले के सभी छह विकासखंडों से पहुंचे 93 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर विकसित, स्वच्छ, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत की अपनी कल्पना को चित्रों और विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में 50 विद्यार्थियों ने चित्रकला और 43 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों और भाषणों के जरिए देश के विकास के साथ नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर भी विचार साझा किए।
जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार निरापुरे ने बताया कि प्रतियोगिता की शुरुआत स्कूल स्तर से हुई, जिसके बाद संकुल और विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थी आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में बलरामपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और उनके भाषण सुने। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, अजीत सिंह, भानु प्रकाश दीक्षित, डीएमसी चन्द्रभूषण गुप्ता, नोडल अधिकारी राजकुमार शर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

