धमतरी जिला अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य शिविर , मरीजों की जांच और काउंसलिंग हुई

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी जिला अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य शिविर , मरीजों की जांच और काउंसलिंग हुई


धमतरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला अस्पताल धमतरी के स्पर्श क्लिनिक में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य जांच, उपचार, दवा वितरण और काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डा. भूपेंद्र कुमार टंडन ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साइकियाट्रिक नर्स आदर्श लाल और कम्युनिटी नर्स दिव्या साहू ने दवाइयों का वितरण किया, जबकि सोशल वर्कर टूनम देवांगन ने मरीजों और उनके स्वजनों की काउंसलिंग की। योग प्रशिक्षक मीरा गौतम ने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में योग के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंतर्गत जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थियों ने रंगोली, पोस्टर, प्रदर्शनी और लघु नाटिका के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का संदेश दिया।

विशेषज्ञों ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति की सोच, व्यवहार और तनाव से निपटने की क्षमता को प्रभावित करता है। तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श और उचित उपचार लेना जरूरी है। सही उपचार, नियमित देखभाल और परिवार का सहयोग मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. आदित्य सिन्हा, मेट्रन पार्वती नेताम, एनसीडी सलाहकार डा. श्रीकांत चंद्राकर, गिरीश कुमार देवांगन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story