खरसिया में 15 दिन में 4 चोरियां, व्यापारियों में दहशत; चेम्बर ने चौकी प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
खरसिया में 15 दिन में 4 चोरियां, व्यापारियों में दहशत; चेम्बर ने चौकी प्रभारी को सौंपा ज्ञापन


रायगढ़ , 28 नवंबर (हि.स.)।खरसिया नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बन गया है। पिछले 15 दिनों में नगर में एक के बाद एक 4 बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसे लेकर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने आज खरसिया चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर चोर गिरोह पर अंकुश लगाने और रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने की मांग की है।

प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि एसडीओपी के कार्यभार संभालने के बाद शहर में कानून व्यवस्था का पालन उत्कृष्ट तरीके से कराया जा रहा है और रात्रि गश्त भी सराहनीय है, लेकिन घात लगाकर बैठे चोर लगातार व्यापारी वर्ग एवं आमजन को निशाना बना रहे हैं।

ज्ञापन में पिछले 15 दिनों में हुई इन घटनाओं का उल्लेख किया गया है, जैसे अंजोरीपाली स्थित किराना दुकान में चोरी की घटना। संजय अग्रवाल की स्कूटर, स्टेट बैंक के बगल से चोरी होना। नरेश ट्रेडर्स में रात्रि में चोरी की घटना। विनय एजेंसी में रात्रि में चोरी की घटना।

ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में मौसम में बदलाव एवं ठंड का प्रभाव बढ़ने के कारण नगर के व्यापारी वर्ग लगभग रात्रि 8:00 बजे ही अपने प्रतिष्ठान बंद कर देते हैं। वहीं नगर में रात्रि लगभग 10:30 बजे तक आमजन का आवागमन भी काफी कम हो जाता है। इसी स्थिति का फायदा उठाकर चोर पिछले 15 दिनों से नगर में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

व्यापारियों की ओर से थाना प्रभारी से विनम्र आग्रह किया गया है कि चोरी की इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सक्रिय चोर गिरोह पर अंकुश लगाएं।आरोपितों की शीघ्र पतासाजी कर उन्हें पकड़ें तथा रात्रिकालीन गश्त को और प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक कदम उठाएं, जिससे नगरवासियों के मन में व्याप्त भय समाप्त हो तथा उनकी आर्थिक एवं मानसिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story