रायगढ़ के नवागांव में स्टील प्लांट प्रदूषण से हाहाकार, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
रायगढ़ के नवागांव में स्टील प्लांट प्रदूषण से हाहाकार, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी


रायगढ़ , 24 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम पंचायत नवागांव में स्थित शिव शक्ति प्लांट से फैल रहे कथित जहरीले प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला घना काला धुआं और उड़ती कालिख उनके जीवन, स्वास्थ्य और खेती—तीनों को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार प्लांट से 24 घंटे निकलने वाले धुएं के कारण गांव की हवा प्रदूषित हो गई है। इसके चलते ग्रामीणों में सांस, आंख और त्वचा से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। किसानों का कहना है कि खेतों पर जम रही कालिख से फसलें खराब हो रही हैं और जमीन की उर्वरा शक्ति भी प्रभावित हो रही है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि रात के समय प्लांट प्रबंधन द्वारा प्रदूषण नियंत्रण उपकरण बंद कर दिए जाते हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।

नवागांव सरपंच मंजू सत्यनारायण चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आज अपनी मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। इसमें 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई की मांग की गई है।

सरपंच ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण प्लांट के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। साथ ही 7 दिनों में विभाग से अब तक की कार्रवाई की लिखित रिपोर्ट भी मांगी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story