मेघा-खैरझिटी मार्ग बदहाल, जिम्मेदारी के फेर में फंसी मरम्मत, ग्रामीण परेशान

WhatsApp Channel Join Now
मेघा-खैरझिटी मार्ग बदहाल, जिम्मेदारी के फेर में फंसी मरम्मत, ग्रामीण परेशान


धमतरी, 08 अगस्त (हि.स.)। मेघा से खैरझिटी तक करीब दो किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग इन दिनों गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है। सड़क की जर्जर हालत के कारण रोजाना हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग के बीच मरम्मत की जिम्मेदारी स्पष्ट नहीं होने से सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। मेघा महानदी पुल के 21 सितंबर 2024 को क्षतिग्रस्त होने के बाद कुरूद आने-जाने वाले अधिकांश वाहन इसी मार्ग से गुजर रहे हैं। लगातार बढ़ते यातायात और भारी वाहनों की आवाजाही ने सड़क को पूरी तरह उखाड़ दिया है।

सबसे अधिक परेशानी स्कूली विद्यार्थियों, कॉलेज छात्रों, किसानों और ग्रामीणों को हो रही है, जिनके लिए यही मुख्य संपर्क मार्ग है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2026-27 में लगभग छह से सात करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क के नए निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और लोक निर्माण विभाग द्वारा टेंडर भी जारी किया जा चुका है, लेकिन निर्माण शुरू होने से पहले मरम्मत किस विभाग को करनी है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से लोग राहत का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए जनप्रतिनिधियों ने भी गंभीर पहल नहीं की। इधर मगरलोड क्षेत्र में मेघा, राजपुर, करेलीछोटी, पाहंदा, कुंडेल सहित कई गांवों से रेत का बड़े पैमाने पर परिवहन हो रहा है। क्षमता से कई गुना अधिक वजन लेकर दौड़ रहे भारी वाहनों के कारण सड़क तेजी से टूट रही है और प्रशासन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रहा है।

पीडब्ल्यूडी के एसडीओ आरके शुक्ला ने बताया कि सड़क निर्माण का टेंडर विभाग द्वारा जारी किया जा चुका है तथा निर्माण कार्य शुरू होने तक मरम्मत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग से कराने के लिए लिखित पत्राचार किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के एसडीओ योगेश आनंद ने कहा कि सड़क पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरित की जा चुकी है। निर्माण शुरू होने से पहले मरम्मत कराई गई थी, लेकिन 10 से 12 टन क्षमता वाले मार्ग पर 40 से 50 टन तक रेत से भरे भारी वाहनों के चलने से सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है। उन्होंने बताया कि भारी वाहनों की समस्या से कलेक्टर को भी अवगत कराया गया है और जल्द ही सड़क की दोबारा मरम्मत कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story