30 नवंबर को आईटीआई बस्तर में वृहद रोजगार मेला
जगदलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले में आमधनई और एनएपीएस के सहयोग से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बस्तर के परिसर में 30 नवंबर को विशाल प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए पंजीकरण का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस रोजगार मेले में सभी आईटीआई ट्रेड के उत्तीर्ण एवं अध्ययनरत अभ्यर्थी (आयु सीमा 18 से 28 वर्ष) हिस्सा ले सकते हैं।
इस आयोजन में देश की प्रतिष्ठित टायर निर्माता कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। एनएपीएस योजना के तहत एक टायर कंपनी द्वारा पुरुष उम्मीदवारों के लिए ऑपरेटर, टायर बिल्डर और सर्विस मैन के पदों पर हैदराबाद (तेलंगाना) में 8 घंटे के कार्य समय और अपरेंटिस पेरोल के आधार पर भर्ती होगी, जहां अतिरिक्त समय (ओवरटाइम) का प्रावधान नहीं है। इसमें शुद्ध प्राप्त (नेट टेक होम) वेतन पहले वर्ष 17,500 रुपये, दूसरे वर्ष 18,150 रुपये और तीसरे वर्ष 18,650 रुपये मिलेगा, जबकि सकल (ग्रॉस) वेतन क्रमशः 19,350, 20,000 और 20,500 रुपये निर्धारित है, जिसमें से कैंटीन के 350 रुपये, परिवहन के 500 रुपये और छात्रावास के 1,000 रुपये की कटौती होगी।
वहीं एक अन्य टायर कंपनी द्वारा एनएपीएस योजना के अंतर्गत वाघोलिया, बड़ौदा में पुरुष उम्मीदवारों के लिए मशीन ऑपरेटर और अपरेंटिस प्रशिक्षु के पदों पर दिन/रात की पाली में 8 घंटे की ड्यूटी के साथ कंपनी पेरोल पर चयन किया जाएगा, जिसमें 3 महीने बाद दोगुने ओवरटाइम की सुविधा मिलेगी। इस पद के लिए शुद्ध प्राप्त वेतन आईटीआई उम्मीदवारों को 17,316 रुपये और डिप्लोमा उम्मीदवारों को 18,316 रुपये मिलेगा, जिसमें 14,500 या 15,500 रुपये वृत्तिका (स्टाइपेंड), 1,250 रुपये उपस्थिति भत्ता तथा 833-833 रुपये के रिटेंशन और त्योहार बोनस शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लीड प्रोग्राम/एनएपीएस के तहत महिला उम्मीदवारों के लिए दिन/रात की पाली और 8 घंटे के कार्य समय पर मशीन ऑपरेटर के पद के लिए कंपनी पेरोल पर भर्ती की जाएगी। इसमें शुद्ध प्राप्त वेतन 10वीं/12वीं/आईटीआई के लिए 19,500 रुपये, डिप्लोमा/अन्य स्नातक के लिए 21,010 रुपये और बी.ई./बी.टेक के लिए 22,010 रुपये निर्धारित है, जिसमें 18,030, 19,540 और 20,540 रुपये वृत्तिका शामिल हैं तथा 10वीं/12वीं/आईटीआई वर्ग को 1,500 रुपये डीबीटी भी मिलेगा।
चयनित उम्मीदवारों को ड्यूटी के दौरान भोजन हेतु कैंटीन सुविधा (150 रुपये प्रति माह), शुरुआती 2 महीनों के लिए निःशुल्क छात्रावास आवास और वातानुकूलित बस परिवहन सुविधा (120 रुपये प्रति माह कटौती) जैसी प्रमुख सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। अभ्यर्थियों को अपने साथ पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और बैंक पासबुक लाना अनिवार्य होगा। इस आयोजन से जुड़ी आमधनई एक भारतीय प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो ब्लू-कॉलर और प्रवेश-स्तर की नौकरियों के लिए डिजिटल रोजगार मिलान व कार्यबल प्रबंधन मंच संचालित करती है और इसका मुख्यालय/पंजीकृत कार्यालय हैदराबाद, तेलंगाना में स्थित है, जिसकी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट www.aamdhanE.com पर प्राप्त की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

