बलरामपुर : युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका, 27 जून को संभाग स्तरीय रोजगार मेला

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 24 जून (हि.स.)।रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। सरगुजा संभाग के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 जून को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में 2000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए विभिन्न निजी कंपनियां मौके पर उपस्थित रहेंगी।

रोजगार मेला 27 जून को सुबह 10:30 बजे से राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल, अंबिकापुर में आयोजित होगा। मेले में सुरक्षा सेवाएं, होटल प्रबंधन, तकनीकी कार्य, बीमा, मार्केटिंग, डेटा एंट्री, इलेक्ट्रिशियन, काउंसलिंग, उत्पादन एवं अन्य क्षेत्रों के पदों पर भर्ती की जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया में क्वालिटी इंस्पेक्टर, होटल मैनेजमेंट स्टाफ, फिटर, सोलर सिस्टम इंस्टॉलर, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, एचआर एग्जीक्यूटिव, केयरटेकर, हाउसकीपिंग स्टाफ, बेबी सिटर, मार्केटिंग मैनेजर, ट्रेनिंग ऑफिसर, लाइफ मित्र, डेवलपमेंट ऑफिसर, सेल्स मैनेजर, बीमा सखी, इंश्योरेंस एडवाइजर, डेटा एंट्री ऑपरेटर, सर्वेयर, टेलीकॉलर, टीम मैनेजर, इलेक्ट्रिशियन, काउंसलर, ऑफिस असिस्टेंट, ट्रेनी प्रोडक्शन और ऑपरेटर सहित कई पद शामिल हैं।

रोजगार मेले में भाग लेने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं उत्तीर्ण से लेकर स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल अथवा CG Rojgar App के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।

साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड तथा स्मार्टफोन के साथ निर्धारित समय पर स्थल में उपस्थित होना होगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story