बलरामपुर : मेगा कृषि ऋण कैंप में 4.50 करोड़ का ऋण स्वीकृत व वितरित

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : मेगा कृषि ऋण कैंप में 4.50 करोड़ का ऋण स्वीकृत व वितरित


बलरामपुर, 06 जून (हि.स.)। किसानों, स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा जिले में आज मेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के माध्यम से जिले की सभी शाखाओं द्वारा पात्र हितग्राहियों को कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया।

कैंप में किसान क्रेडिट कार्ड, स्व-सहायता समूहों, राइस मिल संचालकों तथा अन्य पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ऋण सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे किसानों को कृषि कार्यों में मदद मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बलरामपुर के शाखा प्रबंधक अमन सुरीन ने बताया कि केंद्र सरकार की आपातकालीन ऋण गारंटी योजना 5.0 के तहत पात्र खाताधारकों को अतिरिक्त कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उद्यमों की वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति हो सके।

जिला अग्रणी प्रबंधक अंकित शर्मा ने बताया कि मेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप में लगभग 4.50 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए। इसमें किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों के ऋण तथा ईसीएलजीएस 5.0 के तहत लगभग एक करोड़ रुपये के ऋण शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना बैंक की प्राथमिकता है और आगे भी ऐसे ऋण शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story