स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी की उपस्थति में स्वशासी समिति की बैठक संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी की उपस्थति में स्वशासी समिति की बैठक संपन्न


रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के भवनों की मरम्मत-निर्माण के लिए 50 करोड़ मंजूर

रायगढ़ / रायपुर 14 अगस्त (हि.स.)। रायगढ़ के स्व.लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में शुक्रवार काे छत्तीसगढ़ आरोग्य चिकित्सा शिक्षण एवं अनुसंधान समिति की साधारण सभा (स्वशासी समिति) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। बैठक में वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी भी उपस्थित थे।

स्वास्थ्य मंत्री द्वारा चिकित्सा महाविद्यालय भवन एवं चिकित्सालय भवन में विभिन्न मरम्मत -निर्माण कार्यों हेतु रू. 50 करोड़ का अनुमोदन दिया गया। साथ ही लोक निर्माण विभाग को ये हिदायत दी गयी कि कार्य गुणवत्ता पूर्ण और दिखने में भी बेहतर होना चाहिए। चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का आयुष्मान योजना से आवश्यकतानुसार, अति आवश्यक आकस्मिक दवाईयों को नियमानुसार क्रय किये जाने की मंजूरी प्रदान की गई । इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को उच्च स्तरीय जांच सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और उपचार की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय हेतु आवश्यक टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, कम्प्यूटर ऑपरेटर, इत्यादि तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के आवश्यकता अनुसार पदों पर आऊटसोर्स के माध्यम से भर्ती किये जाने का निर्णय भी स्वशासी समिति द्वारा लिया गया।

समिति की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री द्वारा चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ में एड्स मरीजों के लिये एआरटी सेटर प्रारंभ करने एवं कैंसर मरीजों के लिये कीमोथेरेपी की सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इस दौरान बैठक में समिति द्वारा एमबीबीएस एवं एमएस/ एमडी के प्रत्येक लेक्चर हॉल, डेमो हॉल को हाईटक बनाने हेतु इंटरेक्टिव पैनल लगाये जाने सहित चिकित्सकों एवं छात्र-छात्राओं को पेपर पब्लिकेशन, वर्कशॉप, कांफ्रेंस अधिक संख्या में आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, महापौर जीवर्धन चौहान, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभागाध्यक्ष एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story