भटगांव में अतिक्रमण के नाम पर घरों की नापजोख से ग्रामीण नाराज, जिपं अध्यक्ष अरुण से शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
भटगांव में अतिक्रमण के नाम पर घरों की नापजोख से ग्रामीण नाराज, जिपं अध्यक्ष अरुण से शिकायत


धमतरी, 08 अगस्त (हि.स.)। ग्राम पंचायत भटगांव में अतिक्रमण के नाम पर घरों की नापजोख किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। शनिवार को ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा को ज्ञापन सौंपकर राजस्व प्रशासन एवं पुलिस बल द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके मकानों में बिना पूर्व सूचना के पहुंचकर नापजोख की गई और अतिक्रमण हटाने के नाम पर घर तोड़ने की धमकी दी गई।

ग्रामीण खेमलाल, धरम सिंग, पूर्व सरपंच मोहित देवांगन, नरेश और इंद्रजीत ने बताया कि ग्राम पंचायत भटगांव में बकरी शेड निर्माण के लिए भूमि का चिन्हांकन किया गया था। भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए 17 जुलाई को ग्रामसभा के माध्यम से विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद पांच अगस्त को शाम चार बजे राजस्व विभाग के पटवारी और राजस्व निरीक्षक पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के करीब 10-12 ग्रामीणों के घरों में प्रवेश कर परिसर की नापजोख शुरू कर दी। ग्रामीणों के अनुसार नापजोख को लेकर पूछे जाने पर अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई। जिन मकानों की नापजोख की गई, उनमें संबंधित परिवार कई पीढ़ियों से निवासरत हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि, वे इन मकानों में अपने पूर्वजों के साथ लगभग 80-90 वर्षों से रह रहे हैं। ऐसे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की बात कहकर घर तोड़े जाने की धमकी से उनमें भय का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि किसी भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन चुनिंदा ग्रामीणों के घरों में जाकर नापजोख और कार्रवाई की धमकी देना उचित नहीं है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा से मामले का संज्ञान लेकर राजस्व प्रशासन की कार्रवाई की जांच कराने एवं ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किए जाने की मांग की है। इस दौरान ग्राम पंचायत भटगांव के सरपंच फागूराम साहू, वेदराम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story