बलौदा बाजार में श्रद्धालुओं से भरी वाहन अनियंत्रित होकर पलटी, 27 लोग घायल

WhatsApp Channel Join Now
बलौदा बाजार में श्रद्धालुओं से भरी वाहन अनियंत्रित होकर पलटी, 27 लोग घायल


बलौदा बाजार, 03 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में आज गुरुवार काे श्रद्धालुओं से भरी माजदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में महिला और बच्चे समेत 27 लोग घायल हो गए, जिन्हें कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं दो महिलाओं को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा कसडोल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 बी पर हुआ। बताया जा रहा है कि माजदा वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे, जो बेमेतरा जिले के मुरकुटा नांदघाट गांव से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। गुरुवार सुबह सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होने के बाद सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद चीख पुकार मच गई और इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस समेत अन्य वाहनों की मदद से कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहीं दो महिलाओं के सिर पर गंभीर चोट आने की वजह से उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां सभी घायलों का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित देवचरण जांगड़े ने बताया कि वह सभी ग्राम मुरकुटा नांदघाट जिला बेमेतरा से गिरौदपुरी धाम बाबाजी के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी पलट गई और घायल हो गए। इस दौरान लाेगाें ने उनकी बड़ी मदद की और अपने वाहन से कसडोल के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां सभी लोग खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच जांच में जुट गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story